रायपुर, 28 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में धन शोधन मामले की जांच में तलाशी के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों को कथित तौर पर रोकने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईडी के रायपुर आंचलिक कार्यालय के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर सोमवार रात अभनपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि कथित आरोपी सत्यनारायण गांधी और उनके बेटे जय प्रकाश गांधी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 (सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य के निर्वहन में जानबूझकर बाधा डालना) और धारा 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत केस दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार ईडी का दल (सोमवार को) अभनपुर कस्बे में धन शोधन के एक मामले में तलाशी लेने के लिए गांधी के परिसर में पहुंचा था।
अधिकारी ने बताया कि प्रवेश द्वार पर दोनों ने कथित तौर पर अधिकारियों को तलाशी की प्रक्रिया शुरू करने से रोक दिया। शिकायत में कहा गया है कि दोनों व्यक्ति आक्रामक हो गए और तलाशी दल के सदस्यों के साथ हाथापाई की।
उन्होंने बताया कि जय प्रकाश गांधी ने कथित तौर पर ईडी के रायपुर आंचलिक कार्यालय के उपनिदेशक नीरज कुमार सिंह को धक्का दिया, जबकि उन्होंने कानूनी कार्रवाई को पूरा करने के लिए सहयोग करने का अनुरोध किया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रायपुर जिले में 2021 और 2022 के बीच भारतमाला सड़क परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापत्तनम आर्थिक गलियारे के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे के वितरण में कथित अनियमितताओं के मामले में सोमवार को अभनपुर और अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई थी।
भाषा संजीव संतोष
संतोष
संतोष