छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत, ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में जंगली हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत, ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया
सूरजपुर (छत्तीसगढ़), 16 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित वन में जंगली हाथी ने 28 वर्षीय व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान केशव के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि सूरजपुर वन क्षेत्र के तहत स्थित कोटबहारा गांव लौटते समय केशव का बुधवार देर शाम हाथी से सामना हुआ।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले भेजा।
उन्होंने बताया कि हाथी अभी भी इलाके में घूम रहा है और स्थानीय लोगों को सतर्क कर दिया गया है।
इस घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को शव को अंबिकापुर-प्रतापपुर राज्य राजमार्ग पर रख प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग की।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें शांत कराया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में राज्य में हाथियों के हमलों में 325 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


