राहुल गांधी ने रायपुर हवाई अड्डे के समीप सड़क किनारे की एक दुकान पर कॉफी पी, नाश्ता किया

Ads

राहुल गांधी ने रायपुर हवाई अड्डे के समीप सड़क किनारे की एक दुकान पर कॉफी पी, नाश्ता किया

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 09:30 PM IST

रायपुर, 21 जून (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को छत्तीसगढ़ में पार्टी के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद तय कार्यक्रम से हटकर यहां हवाई अड्डे के पास सड़क किनारे एक दुकान में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कॉफी और नाश्ते का आनंद लिया।

पार्टी ने बताया कि उन्होंने लोगों से खुलकर बातचीत की, उनसे जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

दिन में इससे पहले, विपक्ष के नेता ने पार्टी के 10-दिवसीय संगठनात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया।

शाम में दिल्ली रवाना होने से पहले गांधी स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा जाते समय ‘द स्नैक बार’ पर अचानक रूक गये।

पार्टी के छत्तीसगढ़ मामलों के प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव और वरिष्ठ नेता चरण दास महंत समेत कई वरिष्ठ नेता गांधी के साथ चाय, कॉफ़ी और नाश्ता करते हुए देखे गए।

खाने-पीने की दुकान पर गांधी को नाश्ता परोसने वाले अयान ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि गांधी ने कॉफ़ी और सैंडविच का ऑर्डर दिया और दुकान पर लगभग आधा घंटा बिताया।

अयान ने कहा, ‘‘ उनका व्यवहार बहुत अच्छा था। उन्होंने हमसे बात की, हाथ मिलाया, फ़ोटो खिंचवाया और फिर चले गए।’’

पार्टी के एक नेता ने बताया कि इससे पहले, गांधी ने रायपुर ज़िले के अभनपुर कस्बे के एक रिसॉर्ट में प्रदेश कांग्रेस के ‘संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर’ में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और अन्य लोगों के साथ संवाद करते हुए लगभग तीन घंटे बिताए।

उन्होंने कहा कि ज़िला कांग्रेस के अध्यक्षों के लिए 20 से 29 जून तक आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर का मकसद पार्टी संगठन को मज़बूत करना और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि कैंप की जगह पर पहुंचने के बाद, गांधी ने एक पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण तथा टिकाऊ विकास का संदेश दिया।

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाए गए विभिन्न जन-आंदोलनों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को दिखाने वाली एक प्रदर्शनी का भी दौरा किया।

बैज ने बताया कि गांधी ने लगभग डेढ़ घंटे तक ज़िला कांग्रेस अध्यक्षों को संबोधित किया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं।

उन्होंने कहा कि गांधी ने जंगल, ज़मीन और जल संसाधनों के संरक्षण के लिए काम करने वाले संगठनों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की।

इस कार्यक्रम में मीडिया को जाने की इजाज़त नहीं थी।

प्रदेश कांग्रेस ने अपने फ़ेसबुक पेज पर राहुल गांधी और दूसरे नेताओं की एक खाने-पीने की जगह पर ली गई तस्वीरें पोस्ट कीं।

पार्टी ने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ दौरे के बाद रायपुर से निकलते समय, राहुल गांधी जी ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पास एक चाय की दुकान पर वरिष्ठ नेताओं, पार्टी के साथियों और आम लोगों के साथ कुछ अच्छे पल बिताए।’’

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश