Gopika Gupta Raigarh assembly seat
अविनाश पाठक, रायगढ़। Gopika Gupta Raigarh assembly seat: आपको साल 2018 का विधानसभा चुनाव याद होगा जब टिकट वितरण से नाराज पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने रायगढ़ विधानसभा सीट से निर्दल चुनाव लड़ा था। साल 2023 के विधानसभा चुनाव में फिर से ऐसी स्थिति निर्मित हो रही है। टिकट वितरण से नाराज बीजेपी की कद्दावर नेत्री गोपिका गुप्ता ने शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रायगढ़ विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने के पूर्व गोपिका गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ जोरदार रैली निकाली और शक्ति प्रदर्शन भी किया। ढोल ताशे के साथ निकाली रैली के बहाने गोपिका समर्थकों ने अपनी ताकत का एहसास भी कराया। गोपिका गुप्ता का कहना था कि उनकी लड़ाई अधिकारों की लड़ाई है। 20 साल तक पार्टी की सेवा करने के बाद भी उन्हें वह प्रतिफल नहीं मिला जो मिलना चाहिए।
ऐसे में मतदाताओं के कहने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और आज नामांकन दाखिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों से है। अगर मैं जीत कर आती है तो क्षेत्र का विकास करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।