छत्तीसगढ़ में खुद की राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने पर सीआईएसएफ जवान की मृत्यु

Ads

छत्तीसगढ़ में खुद की राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने पर सीआईएसएफ जवान की मृत्यु

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 02:42 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 02:42 PM IST

दंतेवाड़ा, 10 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में खुद की सर्विस राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान की मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के बचेली गांव स्थित सीआाईएसएफ शिविर में बुधवार को दुर्घटनावश गोली चलने से प्रधान आरक्षक दत्तात्राया की मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि बचेली के सीआईएसएफ शिविर में प्रधान आरक्षक दत्तात्राया अपनी सर्विस राइफल (एके 47) की सफाई कर रहे थे।

सफाई के दौरान राइफल से अचानक दो गोली चल गई। इस घटना में गोली लगने से प्रधान आरक्षक दत्तात्राया गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद प्रधान आरक्षक को तत्काल उपचार के लिए बचेली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि शव को आवश्यक विधिक कार्यवाही और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि दत्तात्राया महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के निवासी थे। घटना की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन भी बचेली पहुंच गए हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही और जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सकेगा।

भाषा सं संजीव

संतोष

संतोष