केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ में रेल विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये आवंटित किए गए: मुख्यमंत्री साय

Ads

केंद्रीय बजट में छत्तीसगढ़ में रेल विकास के लिए 7,470 करोड़ रुपये आवंटित किए गए: मुख्यमंत्री साय

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 09:01 PM IST

रायपुर, दो फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कहा कि राज्य में रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए केंद्रीय बजट में 7,470 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2026-27 के लिए आवंटित राशि वर्ष 2009-14 के दौरान आवंटित औसत राशि 311 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 24 गुना अधिक है।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में 2026-27 का बजट पेश किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साय ने एक बयान में कहा कि ‘दोहरे इंजन वाली सरकार’ (केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार) के निरंतर प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेलवे क्षेत्र में स्पष्ट परिवर्तन आया है।

उन्होंने कहा, ‘वर्तमान में राज्य में 51,080 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं जारी हैं, जिनमें नई पटरियों का निर्माण, स्टेशन का पुनर्निर्माण और सुरक्षा उन्नयन शामिल हैं। सुदूर बस्तर क्षेत्र में स्थित जगदलपुर को जोड़ने वाली रौघाट-जगदलपुर रेल परियोजना, केंद्र सरकार की ओर से आदिवासी लोगों के लिए एक अमूल्य उपहार है और इससे क्षेत्रीय विकास के नए द्वार खुलेंगे।’

भाषा

शुभम संतोष

संतोष