छत्तीसगढ़ में संदिग्ध नक्सलियों ने पुलिसकर्मी की हत्या की

Ads

छत्तीसगढ़ में संदिग्ध नक्सलियों ने पुलिसकर्मी की हत्या की

  •  
  • Publish Date - February 20, 2023 / 03:17 PM IST,
    Updated On - February 20, 2023 / 03:17 PM IST

दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़), 20 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेलचर गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने रविवार देर रात प्रधान आरक्षक मनीराम वेट्टी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।

उन्होंने बताया कि मनीराम वेट्टी दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमलनार गांव का निवासी था। रविवार रात वह विवाह समारोह में शामिल होने बेलचर गांव गया था। जब वह गांव में था तब संदिग्ध नक्सलियों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम को घटनास्थल भेजा गया और शव बरामद किया गया।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वेट्टी दंतेवाड़ा पुलिस लाइन में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। वह प्रशिक्षण के लिए विशाखापट्टनम गए थे। वहां से लौटने के बाद वह चार दिनों की छुट्टी पर थे और बगैर सूचना दिए शादी समारोह में शामिल होने चले गए थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं संजीव संजीव सुरभि

सुरभि