रायपुर: छत्तीसगढ़ के अधिकारियों और कर्मचारियों को भूपेश सरकार दीवाली से पहले त्योहार का गिफ्ट दे सकती है। दरअसल छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने गुरुवार को प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठन के साथ मिलकर प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी से बैठक की। इस दौरान उन्होंने गौरव द्विवेदी को प्रदेश की कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक के बाद फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन सभी समस्याओं को सुनकर प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी ने जल्द से जल्द कार्यवाही की बात कही। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि दीवाली से पहले प्रदेश के कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता और एरियर का भुगतान किया जाएगा। बैठक में सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।