पेंड्रा। रेलगाड़ियों में चोरी रोकने के लिए अब एसी कोच में रिटायर्ड फौजी अटेंडर बनेंगे। रेलवे बोर्ड ने कोच अटेंडेंट का काम निजी कंपनी से वापस ले लिया है। इससे अब विश्वसनीयता के साथ अनुशासित तरीके से काम होगा। ट्रेनों व यात्रियों की सुरक्षा अब रेलवे बोर्ड के लिए महत्वपूर्ण हो गई है। एसी कोच में लगातार हो रही चोरियों ने निजी ठेके की अटेंडेंट सेवा पर सवाल खड़ा कर दिया है।
देशभर में अटेंडर्स द्वारा पार्सल लाने-ले जाने के मामले भी सामने आ रहे हैं। यह सुरक्षा के लिहाज से सही नहीं है। इसलिए अब इस पूरी व्यवस्था को बदलकर पूर्व सैनिकों को ये काम देने का निर्णय लिया गया है। ट्रेनों के एसी कोच में यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे बोर्ड ने अटेंडर्स की व्यवस्था कर रखी है। शुरूआत में कई सालों तक इसका संचालन रेलवे से ही होता रहा है। जैसे-जैसे रेलवे से कर्मचारी सेवानिवृत्त होते जा रहे हैं। उनके स्थान पर भर्ती बंद की जा रही है। वैसे अभी भी बहुत सी ट्रेनों में अटेंडेंट रेलवे के ही होते हैं।
निजी कंपनियों के अटेंडर्स के बारे में यह शिकायत मिलती रही है कि वे यात्रियों से दुर्व्यवहार करते हैं। एसी कोच से चोरियां भी इस दौरान बढ़ी हैं। इन चोरियों में भी निजी अटेंडर्स पर ही पहले शक जाता है। ट्रेन में इस तरह की व्यवस्था संभालने के लिए अब भूतपूर्व सैनिकों की सेवा लेने का निर्णय लिया गया है। इसका काम सभी डिवीजनों में जिले के सैनिक बोर्ड कार्यालयों के जरिए किया जाएगा। ताकि संबंधित क्षेत्र के सेवानिवृत्त फौजियों को काम मिल सके।
यह भी पढ़ें : कमलनाथ ने पुलिस अधिकारियों को लगाई फटकार, अपराध पर अंकुश लगाने की हिदायत
रेलवे बोर्ड का मानना है कि सैनिक हमेशा अनुशासित रहते हैं। उनका अनुशासन हमें ट्रेनों की व्यवस्था संभालने में काम आएगा। हर एक्सप्रेस ट्रेन में एसी अटेंडर के साथ-साथ लाइटिंग के लिए टीम के सदस्य होते हैं। ट्रेन में जहां कहीं भी बिजली की समस्या उत्पन्न होती है उसे सुधारने की जवाबदेही उनकी होती है। इलेक्ट्रिशियन का काम एसी कोच की कूलिंग को सामान्य रखना भी होता है। इस टीम में भी भूतपूर्व सैनिकों को ही रखा जाना है। जिला स्तर पर जहां-जहां भी सैनिक कल्याण बोर्ड या सेना से संबंधित कार्यालय होंगे वहां से ही क्रियान्वित होगा। किस तरह से किया जाना है, इसकी जानकारी ली जा रही है। सैनिकों पर नियंत्रण उनकी अपनी संस्था ही करेगी। प्रबंधन व ड्यूटी चार्ट भी वही तैयार करेंगे