तमिलनाडु के तेनकासी में शिक्षिका की पिटाई से 10 छात्राएं घायल
तमिलनाडु के तेनकासी में शिक्षिका की पिटाई से 10 छात्राएं घायल
तेनकासी (तमिलनाडु), 28 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के तेनकासी जिले में सुरंडई के पास एक राजकीय उच्च विद्यालय में एक शिक्षिका द्वारा कथित तौर पर छड़ी से पिटाई किए जाने के बाद 10 छात्राएं घायल हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि परेशान अभिभावकों की शिकायत के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 20 जुलाई को वीके पुडुर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई।
आरोपी शिक्षिका की पहचान 44 वर्षीय थेन मारिया सुगंती के रूप में हुई है। वह कक्षा 11 के छात्रों के लिए दोपहर में विशेष कक्षा ले रही थीं।
आरोप है कि बगल की कक्षा में हो रहे शोर-शराबे से नाराज होकर शिक्षिका वहां पहुंचीं और गुस्से में कई छात्राओं की छड़ी से पिटाई कर दी।
इस घटना में दसवीं कक्षा की 10 छात्राओं के हाथों में गंभीर चोटें आईं। घर लौटने के बाद छात्राओं ने अपने अभिभावकों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में ले गए।
पुलिस ने बताया कि इनमें से दो छात्राओं को तेनकासी के सरकारी अस्पताल में तीन दिन तक भर्ती रखना पड़ा, जबकि अन्य छात्राओं का आसपास के निजी अस्पतालों में बाह्य रोगी के तौर पर इलाज किया गया।
चोटों के कारण हाथों में लगातार सूजन और मानसिक आघात से जूझ रहीं ये छात्राएं स्कूल जाने और आगामी अर्धवार्षिक परीक्षाएं देने में असमर्थ हैं।
स्थानीय अधिकारियों की शुरुआती निष्क्रियता के बाद एक छात्रा की मां राजाथी ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने अपनी बेटी के हाथ में चोट लगने के कारण परीक्षा नहीं दे पाने पर चिंता जताई और शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद वीके पुडुर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


