उत्तरपूर्वी दिल्ली में सड़क दुर्घटना में 10 वर्षीय बच्ची की मौत
उत्तरपूर्वी दिल्ली में सड़क दुर्घटना में 10 वर्षीय बच्ची की मौत
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में बुधवार तड़के एक वाहन की चपेट में आने से 10 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना रात करीब 12.50 बजे मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर तीन घायलों को पड़ा पाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “तीनों को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल बच्ची को मृत घोषित कर दिया।”
अन्य दो घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि तीनों को एक वाहन ने टक्कर मारी, जिसका चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, घटनाक्रम की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है।
बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
भाषा
राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


