राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 10.50 लाख नए लाभार्थी जोड़े : मंत्री अविनाश गहलोत

Ads

राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 10.50 लाख नए लाभार्थी जोड़े : मंत्री अविनाश गहलोत

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 08:10 PM IST

जयपुर, छह मार्च (भाषा) राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि सरकार राज्य के सभी पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन से लाभान्वित करने को लेकर प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार ने लगभग 10.50 लाख नए लाभार्थियों को पेंशन योजना में जोड़ा है।

गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा पात्र लाभार्थियों के नाम सामाजिक सुरक्षा पेंशन की सूची से नहीं हटाए गए हैं।

मंत्री ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि सभी श्रेणियों के पात्र एवं सत्यापित पेंशन लाभार्थियों को दिसंबर 2025 तक की सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान किया जा चुका है। इसमें 1,100 करोड़ रुपये में से मात्र 4.56 करोड़ रुपये बकाया हैं। इस राशि के भुगतान के लिए सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।

गहलोत ने बताया कि राज्य में वर्ष 2017-18 के बाद दो लाख 90,049 पेंशनभोगियों की रुकी हुई पेंशन को एक बार फिर से शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से अब तक विभिन्न कारणों से राज्य में एक लाख 78,979 पेंशन लाभार्थियों का भुगतान रुका है। इसमें से लगभग 40,000 पेंशनभोगियों की पेंशन को फिर शुरू किया गया है।

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत