जूनागढ़ (गुजरात), 11 जुलाई (भाषा) गुजरात के जूनागढ़ ज़िले में शनिवार तड़के गिरनार पहाड़ी पर परिवार के साथ चढ़ाई करते समय एक 11 साल के लड़के की शेर के हमले में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हमले के बाद एक शेर को पकड़ लिया गया है, जबकि इलाके में देखे गए दो अन्य शेरों की तलाश जारी है।
गिरनार एक तीर्थ स्थल है और यहां पहाड़ी की चोटी पर कई धार्मिक स्थल हैं।
जूनागढ़ के कलेक्टर योगेश चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मयूर चौहान नाम का लड़का अपने परिवार के साथ पहाड़ी पर चढ़ाई कर रहा था, तभी सुबह पांच से छह बजे के बीच सीढ़ियों के पास एक शेर हमला करके उसे खींच ले गया। बाद में उसके अवशेष बरामद किए गए जो परिवार को सौंप दिए गए।’’
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीढ़ियों के पास तीन शेर देखे गए थे।
अधिकारी ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों ने उनमें से एक शेर को पिंजरे में बंद कर दिया है और बाकी दो का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
कलेक्टर ने कहा कि जिस सीढ़ी वाले मार्ग पर हमला हुआ था, उसे एहतियातन अस्थायी रूप से आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है और श्रद्धालुओं को पुराने मार्ग से भेजा जा रहा है।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश