नयी दिल्ली, 11 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मोहन गार्डन इलाके से युगांडा की 26 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से 117 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद की। बरामद किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान जैकलीन नामुलोंडो के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि महिला राष्ट्रीय राजधानी में कॉलेज छात्रों व युवाओं को कथित तौर पर मादक पदार्थ की आपूर्ति कर रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार को मोहन गार्डन स्थित जैकलीन के किराए के मकान पर छापा मारा गया, जहां से एम्फेटामाइन बरामद किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अधिकारी ने बताया कि कंपाला की निवासी जैकलीन जुलाई 2025 में तीन महीने के कारोबारी वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह देश में रुकी रही।
पुलिस के अनुसार, जैकलीन का पूर्व का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नही रहा है। जांचकर्ता दिल्ली में सक्रिय अन्य मादक पदार्थ तस्करों के साथ उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रहे हैं।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश