अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जश्न मनाने के लिए 12 सांस्कृतिक और विरासत स्थलों का चयन

Ads

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जश्न मनाने के लिए 12 सांस्कृतिक और विरासत स्थलों का चयन

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 05:26 PM IST

(पायल बनर्जी)

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) भारत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 समारोह के लिए हरिद्वार में गंगा नदी के तट से लेकर हम्पी के प्राचीन खंडहरों और दिल्ली के लाल किले के ऐतिहासिक परिसर सहित 12 मशहूर दर्शनीय स्थलों को चुना गया है।

भारत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के योग कार्यक्रम आयोजित करने के लिए केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण 12 जगहों की पहचान की है।

उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और योग की सदियों पुरानी परंपरा को एक साझा राष्ट्रीय ढांचे के तहत एकसाथ लाना है।

जाधव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखा गया है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र में सेहत को बनाए रखने में योग की भूमिका पर प्रकाश डालता है।

उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय ने योग दिवस के लिए राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिन स्थानों का चुनाव किया है, उनमें दिल्ली का लालकिला, हरिद्वार की हर की पैड़ी, ओडिशा का कोणार्क सूर्य मंदिर, कर्नाटक में हम्पी स्मारक, लद्दाख का लेह पैलेस, तमिलनाडु में महाबलीपुरम मंदिर, उत्तर प्रदेश में सारनाथ, असम का कंचारी किला, हैदराबाद में चारमीनार का इलाका, मुंबई का गेटवे ऑफ इंडिया, बिहार में नालंदा महाविहार और अहमदाबाद का साबरमती रिवरफ्रंट शामिल हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘इन 12 ऐतिहासिक जगहों पर केवल योग कार्यक्रम ही आयोजित नहीं होंगे, बल्कि ये एक ऐसे देश की बड़ी कहानी भी बयां करेंगे जो अपनी सभ्यता की जड़ों से ताकत हासिल करते हुए सभी के लिए एक स्वस्थ भविष्य को अपना रहा है।’’

भाषा धीरज अमित

अमित