मणिपुर के कांगपोकपी और उखरुल में 12 अवैध बंकर नष्ट किये गये
मणिपुर के कांगपोकपी और उखरुल में 12 अवैध बंकर नष्ट किये गये
इंफाल, 29 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी और उखरुल जिलों में सुरक्षा बलों ने सशस्त्र समूहों द्वारा बनाए गए 12 अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया है। पुलिस द्वारा बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार, कांगपोकपी जिले के साइकुल थाना अंतर्गत लुंगटेर पहाड़ी पर मंगलवार को तीन बंकरों को ध्वस्त किया गया, जबकि टिंगपिबुंग और लेपलेन गांवों में एक-एक बंकर नष्ट किए गए।
इसके अतिरिक्त, उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र में भी सात अवैध बंकरों को सुरक्षा बलों ने नष्ट किया।
इस साल फरवरी में कुकी और तांगखुल नगा समुदायों के बीच भड़की हिंसा के बाद सशस्त्र समूहों ने अवैध बंकर बनाए थे।
इस संघर्ष के दौरान उखरुल, कामजोंग और कांगपोकपी में सशस्त्र समूहों की गोलीबारी में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है और 30 से अधिक घरों में आग लगा दी गयी।
इस बीच, एक अन्य अभियान में, सुरक्षा बलों ने मंगलवार को चुराचांदपुर जिले के माओवोम गांव और उसके आसपास के इलाकों से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। जब्त किए गए हथियारों में एक एके-47 राइफल, तीन बंदूकें, एक पिस्तौल, दो हथगोले और एक मोर्टार भी शामिल हैं।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


