भुवनेश्वर, 16 सितंबर (भाषा) ओडिशा में बुधवार को छह अलग-अलग घटनाओं में छह बच्चों सहिक कम से कम 12 लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ज्यादातर घटनाएं गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुईं।
पुलिस के अनुसार, ये घटनाएं सुंदरगढ़, गंजाम, जगतसिंहपुर, भद्रक और कोरापुट जिलों में हुईं।
जगतसिंहपुर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार युवक नहर में बह गए, जबकि सुंदरगढ़ जिले में करमा पूजा के लिए रेत इकट्ठा करते समय तीन लड़कियां डूब गईं।
मृत युवकों की पहचान मनोजीत स्वैन, स्वप्नजीत बारिक, रश्मिरंजन नायक और जगन्नाथ पालेई के रूप में की गई।
पुलिस ने बताया कि सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के सलंगाबहाल गांव में गीतिका साहू (6), सिबिका साहू (6) और श्रुति साहू (8) शंख नदी में डूब गईं। तीनों मजहाटोली की निवासी थीं।
वहीं, तीसरी घटना में गंजाम जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने के दौरान आदर्श साहू (14) और प्रीतम समेली (14) घोडाहाड नदी में डूब गए।
इसी जिले में एक अन्य घटना में डिगपहांडी थाना क्षेत्र के एक गांव में सुबह करीब 10 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जित करते समय आठवीं कक्षा का छात्र सितांशु जेना तालाब में डूब गया।
भद्रक और कोरापुट जिलों में दो और लोगों की भी डूबने से मौत हो गई।
भाषा प्रचेता पारुल
पारुल