दिल्ली पुलिस के विशेष अभियान के तहत साइबर धोखाधड़ी के 12 संदिग्ध पकड़े गए

Ads

दिल्ली पुलिस के विशेष अभियान के तहत साइबर धोखाधड़ी के 12 संदिग्ध पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 10:27 PM IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी जिले में 24 घंटे के एक खास अभियान के बाद 12 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया और छह प्राथमिकी दर्ज कीं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान उन गिरोह को ध्वस्त करने पर केंद्रित था, जो कथित तौर पर साइबर धोखाधड़ी से मिली रकम को पहले ‘म्यूल’ (कमीशन पर मिलने वाले) बैंक खातों में मंगवाते थे और फिर शहर भर के एटीएम से निकाल लेते थे।

जांचकर्ताओं ने गिरोह में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए पैसे निकालने के पैटर्न, 68 संदिग्ध बैंक खातों, एटीएम और आस-पास के स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खाते के विवरण और पैसे के लेन-देन का विश्लेषण किया।

पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज 100 से अधिक शिकायतें चिन्हित किए गए खातों से जुड़ी पाई गईं, जिनमें लाखों रुपये की धोखाधड़ी की रकम शामिल थी।

अधिकारी ने बताया कि विश्लेषण के आधार पर कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसके बाद 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि ये सभी म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले, खाते एकत्र करने वाले, कमीशन एजेंट, नकदी संभालने वाले और फर्जी कॉल सेंटर संचालक के रूप में काम कर रहे थे।

अधिकारी ने कहा कि इस अभियान में छह अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ। इनमें छात्रवृत्ति धोखाधड़ी, फर्जी ऋण धोखाधड़ी, निवेश धोखाधड़ी, नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और बेंगलुरु से जुड़े कई करोड़ रुपये के ‘डिजिटल अरेस्ट’ धोखाधड़ी शामिल हैं ।

भाषा नोमान

नोमान दिलीप

दिलीप