केरल की पॉलीमर फैक्टरी से यूरिया की 1,360 बोरियों का अवैध भंडार जब्त, जांच शुरू
केरल की पॉलीमर फैक्टरी से यूरिया की 1,360 बोरियों का अवैध भंडार जब्त, जांच शुरू
कोच्चि, 26 जुलाई (भाषा) पुल्लुवाझी स्थित पॉलीमर बनाने वाली फैक्टरी में कृषि उपयोग के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले यूरिया की 1,360 बोरियों के कथित अवैध भंडारण को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
कुरुप्पमपडी पुलिस ने रायमंगलम कृषि भवन के कृषि अधिकारी की शिकायत के आधार पर ‘एब्सन पॉलीमर्स’ के मालिक इहसानुल रहमान के. एस. के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि जब्त किया गया यूरिया विशेष रूप से कृषि उपयोग के लिए था और किसानों को अत्यधिक सब्सिडी वाली दरों पर उपलब्ध कराया जाता है।
व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए इसकी बिक्री और इस्तेमाल प्रतिबंधित है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बड़ी मात्रा में सब्सिडी वाला यूरिया खरीदा और फैक्टरी में निर्माण प्रक्रिया में उसका इस्तेमाल कर रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह जब्ती 23 जुलाई को कृषि अधिकारी को मिली सूचना के आधार पर फैक्टरी परिसर का निरीक्षण करने के बाद की गई, जहां यूरिया की बोरियां रखी मिलीं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में सब्सिडी वाले कृषि यूरिया की खरीद कैसे की गई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
आरोपी ने दावा किया कि उसने प्लाईवुड निर्माण में इस्तेमाल होने वाला गोंद बनाने के लिए यूरिया खरीदा था।
अधिकारियों ने बताया कि यह जब्ती ऐसे समय में हुई है जब बाजार में यूरिया की कमी बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि जब्त उर्वरक के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए कृषि विभाग की प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


