नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में

नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में

नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में
Modified Date: September 19, 2026 / 08:37 pm IST
Published Date: September 19, 2026 8:37 pm IST

गुवाहाटी, 19 सितंबर (भाषा) असम की नगांव लोकसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। शनिवार को ममता बनर्जी की पार्टी के प्रत्याशी समेत तीन उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

शनिवार को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 25 में से 18 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए।

नामांकन वापस लेने वालों में ममता बनर्जी की पार्टी अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के अब्दुल सलाम, नवरंग कांग्रेस पार्टी के करीमुल्लाह शेख और निर्दलीय उम्मीदवार पुरुषोत्तम बेहरा शामिल हैं।

मैदान में प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा के देबाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल शामिल हैं।

शर्मा पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, बोरा पूर्व विधायक रह चुके हैं और अजमल धुबरी लोकसभा सीट का तीन बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

इस सीट पर उपचुनाव की घोषणा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद हुई। बोरदोलोई 2024 के लोकसभा चुनाव में नगांव सीट से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। हालांकि, बाद में बोरदोलोई ने कांग्रेस छोड़कर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए भाजपा का दामन थाम लिया और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

उपचुनाव के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा और मतगणना नौ अक्टूबर को की जाएगी।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में