राजस्थान: भाजपा, कांग्रेस ने जयपुर सहित तीन शहरों में महापौर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किए
राजस्थान: भाजपा, कांग्रेस ने जयपुर सहित तीन शहरों में महापौर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किए
जयपुर, 19 सितंबर (भाषा) राजस्थान की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के महापौर पद के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा शनिवार को कर दी।
इन निगमों में महापौर पद का चुनाव 25 सितंबर को होना है।
भाजपा ने जयपुर नगर निगम के महापौर पद के चुनाव में सुनील कोठारी को उम्मीदवार बनाया। पार्टी के प्रदेश महासचिव श्रवण बगड़ी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।
जोधपुर में पार्टी ने प्रसन्न मेहता को उम्मीदवार बनाया जबकि कोटा में आखिरी समय में अनुसूइया गोस्वामी को उम्मीदवार घोषित किया गया।
कांग्रेस ने जयपुर में महापौर पद के लिए सुनीता मावर को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया। अपनी रणनीति के तहत पार्टी ने सुनीता मेथी और दशरथ अटल से भी नामांकन दाखिल करवाए।
जोधपुर में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी सहयोगी राजेंद्र सोलंकी को उम्मीदवार बनाया। सोलंकी ने पार्षद का चुनाव नहीं लड़ा था। कोटा में पार्टी ने सुनीता सुमन को उम्मीदवार बनाया।
नामांकन दाखिल करने के बाद मावर ने कहा कि उन्हें ‘संख्याओं के खेल’ में पड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने वाले सभी प्रतिनिधि प्रचार के दौरान शहर की सड़कों और मोहल्लों में गए थे और उन्हें ज़मीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी है।
नामांकन दाखिल करने के बाद कोठारी ने केंद्रीय, राज्य और जयपुर शहर स्तर के भाजपा नेताओं, चुने हुए प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस बीच भीलवाड़ा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोज पालीवाल ने ज़िला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा को ‘सद्बुद्धि’ मिलने की कामना के साथ यज्ञ किया।
पालीवाल ने आरोप लगाया कि डोटासरा राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर अपनी ज़िम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहे हैं और उन्हें अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
राज्य में सात नगर निगमों सहित 305 नगरीय निकायों में महापौर, सभापति और अध्यक्ष के चुनाव 21 सितंबर को होंगे। इसके बाद 22 सितंबर को उप महापौर, उपसभापति और उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे।
जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में महापौर और उप महापौर पद तथा कोटा की सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव 25 सितंबर को होंगे। भाषा पृथ्वी शोभना
शोभना

Facebook


