नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जसोला गांव में पतंग पकड़ने के प्रयास में कथित तौर पर एक खुले नाले में गिरने के बाद 15 वर्षीय लड़का लापता हो गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद कई एजेंसियों ने मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हुई जब आठवीं कक्षा का छात्र मिथुन खुले नाले के पास पतंग पकड़ने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना के चश्मदीद एक अन्य लड़के ने मिथुन के परिवार को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई।
दिल्ली दमकल सेवा और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों सहित पुलिस और बचाव दलों ने नाले में तलाशी अभियान चलाया। गोताखोरों द्वारा शनिवार को कई घंटों तक तलाश करने के बावजूद मिथुन का पता नहीं चल पाया और देर रात अभियान को रोक दिया गया।
पुलिस ने बताया कि रविवार को फिर से अभियान शुरू किया गया और मिथुन का पता लगाने के लिए कई टीमों को तैनात किया गया है।
रिश्तेदारों के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला मिथुन का परिवार इसी इलाके में रहता है और दिल्ली में मजदूरी करता है।
रिश्तेदार कुसुम ने बताया कि मिथुन के शनिवार सुबह करीब 11 बजे लापता होने के बाद परिजनों ने दिनभर उसकी तलाश की।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “वह पतंग पकड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी खुले नाले में गिर गया। घटना को देखने वाले एक अन्य लड़के ने परिवार को इसकी जानकारी दी।”
अधिकारियों ने बताया कि मिथुन का पता लगाने और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि घटना होने से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव