दिल्ली में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हमला करके हत्या, तीन आरोपी पकड़े गए
दिल्ली में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हमला करके हत्या, तीन आरोपी पकड़े गए
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में राह चलते महज एक-दूसरे से टकराने के बाद हुई कहासुनी के दौरान 17 वर्षीय किशोर की कथित तौर पर चाकू से हमला करके हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में सात घंटे के अंदर दो नाबालिगों समेत तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, वयस्क आरोपी की पहचान आनंद पर्वत निवासी तुषार (19) के रूप में हुई है, जबकि पकड़े गए अन्य दो किशोरों की उम्र 17 और 15 वर्ष है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे आनंद पर्वत थाने में थान सिंह रोड स्थित गली नंबर 16 में एक व्यक्ति को चाकू मारे जाने के संबंध में सूचना दी गई।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल 17 वर्षीय किशोर को जीवन माला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में आनंद पर्वत थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें आनंद पर्वत इलाके से पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि जब वे थान सिंह रोड की गली नंबर 16 से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे पीड़ित से उनकी अनजाने में टक्कर हो गई जिसके बाद उनके बीच बहस शुरू हो गई।
पुलिस ने कहा कि विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर किशोर को चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
भाषा नोमान संतोष
संतोष

Facebook


