होली से पहले दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 204 गिरफ्तार

Ads

होली से पहले दिल्ली पुलिस के 'ऑपरेशन आघात' के तहत 204 गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 07:22 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 07:22 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) होली से पहले आदतन अपराधियों, अवैध शराब विक्रेताओं, मादक पदार्थों के तस्करों और अन्य उपद्रवियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत, दिल्ली पुलिस के दक्षिणी रेंज ने 204 लोगों को गिरफ्तार किया है और 973 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक प्रावधान लागू किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण एवं दक्षिणपूर्वी जिलों में ‘खुफिया जानकारी के आधार पर’ अभियान चलाया गया, जिसमें बुरे तत्वों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम, स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) अधिनियम, दिल्ली आबकारी अधिनियम और सार्वजनिक जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 204 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने कहा कि इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में गश्त और सत्यापन अभियानों के दौरान निवारक धाराओं के तहत 973 लोगों को पकड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत चार घोषित अपराधियों और 29 बुरे तत्वों (बीसी) को भी गिरफ्तार किया गया।

दक्षिणपूर्वी जिले के एक अधिकारी ने बताया कि जिले में 137 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और निवारक प्रावधानों के तहत 449 लोगों को हिरासत में लिया गया। एक घोषित अपराधी को भी हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने सिगरेट और तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) के तहत 63 चालान भी किए और जुर्माने के रूप में 11,500 रुपये वसूल किए, साथ ही दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 273 वाहनों को जब्त किया।

दक्षिणी जिले में 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 524 लोगों को एहतियाती तौर पर हिरासत में लिया गया और तीन घोषित अपराधियों को पकड़ा गया। एक अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान 29 आदतन अपराधियों को भी हिरासत में लिया गया।

इस अभियान के तहत महत्वपूर्ण बरामदगी हुई, जिसमें 12 अवैध पिस्तौल, 14 कारतूस और 24 चाकू शामिल हैं। पुलिस ने 7.197 किलोग्राम गांजा और 12.7 ग्राम एमडीएमए के साथ-साथ 15,945 बोतल अवैध शराब जब्त की। जुए के मामलों में कुल 84,740 रुपये नकद जब्त किए गए। अभियान के दौरान चोरी या गुम हुए 18 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन