ठाणे, तीन मार्च (भाषा) मराठी अभिनेत्री विशाखा सुभेदार ने मंगलवार को कहा कि ईरान-अमेरिका-इजराइल संघर्ष के कारण उनका बेटा पिछले चार दिनों से कुवैत में फंसा हुआ है और उन्होंने मदद की अपील की।
उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उसे सुरक्षित रूप से वापस लाया जाएगा।
सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में सुभेदार ने कहा कि उनका बेटा लंदन जा रहा था, लेकिन विमान बीच रास्ते में कुवैत में उतरा था, और अब वह एक स्थानीय होटल में फंसा हुआ है।
वीडियो में सुभेदार ने कहा, ‘वहां स्थिति बिगड़ती जा रही है… ड्रोन हमले हुए हैं।’
यहां पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि कुवैत में स्थित स्थानीय महाराष्ट्र मंडल (महाराष्ट्रियों का संगठन) के सदस्य ऐसे व्यक्तियों के संपर्क में हैं और सुभेदार के बेटे को भारत वापस लाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पुणे के 84 छात्रों और ठाणे तथा अहिल्यानगर के निवासियों सहित फंसे हुए अन्य भारतीय नागरिकों को लेकर दो विशेष विमान मुंबई हवाई अड्डे पर उतरने वाले हैं।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष