उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 27 अन्य पर्वतारोही सुरक्षित निकाले गए

Ads

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 27 अन्य पर्वतारोही सुरक्षित निकाले गए

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 06:40 PM IST

देहरादून, 29 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण विभिन्न जगहों पर फंसे 27 और पर्वतारोहियों को मंगलवार को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह दोबारा शुरू किए गए बचाव अभियान में उत्तरकाशी जिले के कालिंदी खाल और माउंट जोगिन से आठ-आठ तथा रुद्रप्रयाग जिले के वासुकी ताल ट्रेक से 11 पर्वतारोहियों और पोर्टर को निकाला गया।

इससे पहले, बर्फबारी और बारिश के कारण विभिन्न जगहों पर फंसे 40 पर्वतारोहियों को सोमवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की अगुवाई में सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस सहित विभिन्न बचाव एजेंसियों के समन्वय से दो दिन तक चले अभियान में उत्तरकाशी जिले के ऑडेन कोल, कालिंदी खाल और माउंट जोगिन तथा उत्तरकाशी जिले से जुड़ने वाले रुद्रप्रयाग जिले के वासुकी ताल में फंसे कुल 67 लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिये निकाला गया है।

एसडीआरएफ के कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “अभी तक जितने भी फंसे हुए पर्वतारोही थे, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और फिलहाल यह अभियान पूरा हो गया है।”

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अगर कहीं किसी पर्वतारोही के फंसे होने की सूचना मिलती है, तो उसे निकालने के लिए टीमें तैयार हैं।

यदुवंशी ने बताया कि हेलीकॉप्टर की मदद से दो दिन में कुल 20 चक्कर लगाए गए और इस दौरान ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, माउंट जोगिन से आठ और वासुकी ताल से 11 पर्वतारोहियों को निकाला गया।

छब्बीस और 27 सितंबर को उत्तराखंड के निचले इलाकों में भारी बारिश तथा उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी दर्ज की गई थी।

प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि विभिन्न जगहों पर 40 पर्वतारोहियों ने यह कहते हुए वापस आने से मना कर दिया कि वे अपना अभियान जारी रखना चाहते हैं, जबकि 20 अन्य ने खुद पैदल लौटने की इच्छा जताई।

भाषा

दीप्ति पारुल

पारुल