जम्मू, 29 सितंबर (भाषा) जम्मू पुलिस ने मंगलवार को जाली मुद्रा का कारोबार करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर यहां किराये के मकान में जाली नोट छाप रहे थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के मूल निवासी इन तीनों को जम्मू के चौवाड़ी इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 100 रुपये मूल्यवर्ग के कम गुणवत्ता वाले जाली नोट बरामद किए गए, जिनका कुल अंकित मूल्य 13,500 रुपये था। साथ ही, एक छपाई मशीन भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान निवासी विजय साहनी, झारखंड के महाराजपुर निवासी इंद्रजीत कुमार और मध्य प्रदेश के खजराहो निवासी राहुल अहिरवार के रूप में हुई है। ये तीनों फिलहाल जम्मू के क्रमशः प्रीत नगर, डिगाना, त्रिकुटा नगर और मार्बल मार्केट इलाकों में किराये पर रह रहे थे।
प्रवक्ता ने बताया कि चौवाड़ी स्थित एक किराये के परिसर में जाली मुद्रा से संबंधित संदिग्ध गतिविधि की विश्वसनीय सूचना मिलने पर सैनिक कॉलोनी पुलिस चौकी की एक टीम ने परिसर पर छापा मारा और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि कम गुणवत्ता वाले जाली नोटों और छपाई मशीन के अलावा, तलाशी दल ने कागज काटने वाला उपकरण, अलग-अलग रंगों की स्याही की बोतलें, एक ‘टोका’ (धारदार हथियार) और इस गतिविधि से जुड़े होने के संदेह में अन्य सामग्री भी जब्त की।
प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत चन्नी हिम्मत थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि जांच में जाली मुद्रा तैयार करने के पूरे तौर-तरीके का पता लगाने, संदिग्ध जाली मुद्रा के स्रोत और उसके प्रसार के संभावित ठिकानों की पहचान करने तथा इस गतिविधि में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का पता लगाने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
पुलिस ने मुद्रा प्रणाली की अखंडता की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जाली मुद्रा के निर्माण, कब्जे, प्रसार या उससे जुड़ी किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
भाषा तान्या माधव
माधव