रहमान की भारत यात्रा पर बातचीत में प्रगति को लेकर बांग्लादेश ‘सकारात्मक’

Ads

रहमान की भारत यात्रा पर बातचीत में प्रगति को लेकर बांग्लादेश ‘सकारात्मक’

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 07:27 PM IST

ढाका, 29 सितंबर (भाषा) बांग्लादेश ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री तारीक रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर जारी बातचीत में प्रगति को लेकर वह ‘सकारात्मक’ है। यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच संबंधों में आई तल्खी को दूर करने के प्रयासों के तहत भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने यहां बांग्लदेश के विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री हुमायूं कबीर से मुलाकात की।

कबीर ने त्रिपाठी के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हमने यात्रा पर चर्चा की और हम इसे लेकर सकारात्मक हैं।’ हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित यात्रा की कोई तारीख अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘समय बाद में आएगा।’

मीडिया की कुछ खबरों में रहमान के नवंबर में नयी दिल्ली जाने की संभावना जताये जाने के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं अफवाहों पर चर्चा नहीं कर सकता। कई अफवाहें हैं। मैं वास्तविकता के बारे में बात करता हूं।’

कबीर ने कहा, ‘वास्तविकता यह है कि आज हमारी बहुत अच्छी बैठक हुई और मुझे विश्वास है कि निकट भविष्य में हमें सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारत की यात्रा तब करेंगे जब परिस्थितियां अनुकूल होंगी और द्विपक्षीय संबंध आपसी सम्मान पर आधारित होंगे।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत के संबंध चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन दोनों पक्ष बातचीत के माध्यम से इन मुद्दों के समाधान के लिए काम कर रहे हैं।

त्रिवेदी ने करीब आठ सप्ताह पहले कबीर से मुलाकात की थी, जब वह रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार की बैठक कबीर के राज्य मंत्री का पद संभालने के बाद उनकी पहली शिष्टाचार मुलाकात थी। मंत्री ने बैठक को ‘बहुत सौहार्दपूर्ण, बहुत अच्छी और बहुत उपयोगी’ बताया।

बैठक के बाद त्रिवेदी ने भी संवाददाताओं से बात की और कहा कि रहमान को भारत आने का निमंत्रण अब भी खुला है तथा इसमें ‘जल्दबाजी की जरूरत नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘मैं आपको फिर बता रहा हूं। हमारा निमंत्रण खुला है। मुझे नहीं लगता कि जल्दबाजी की जरूरत है। सब कुछ बहुत सकारात्मक है। लेकिन हमें उचित समय देना चाहिए।’

उच्चायुक्त ने स्वीकार किया कि दोनों देशों में राजनीतिक मजबूरियां बनी हुई हैं, लेकिन कहा कि ‘काम जारी है।’

उन्होंने कहा, ‘ऐसी किसी बात का कोई सवाल ही नहीं है। मैं सकारात्मक हूं, राज्य मंत्री सकारात्मक हैं और बांग्लादेश के लोग सकारात्मक हैं। सब कुछ संभव है।’

रहमान की प्रस्तावित भारत यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब 5 अगस्त, 2024 को हिंसक छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता से हटने के बाद से दोनों देशों के संबंधों में तनाव आया है। हसीना सरकार से हटने के बाद से भारत में रह रही हैं।

इसके बाद बांग्लादेश में एक विशेष न्यायाधिकरण ने उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाया और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में उन्हें मौत की सजा सुनाई। हसीना की भारत में मौजूदगी दोनों देशों के बीच विवाद के प्रमुख मुद्दों में से एक बन गई है।

ढाका हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, जबकि भारत का कहना है कि प्रत्यर्पण अनुरोध की जांच लागू कानूनों और स्थापित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार की जा रही है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने पिछले महीने कहा था कि रहमान की यात्रा के लिए माहौल नयी दिल्ली में अगस्त में हसीना के ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन से ‘खराब’ हुआ है। भारत ने कहा है कि हसीना से जुड़े इस मीडिया कार्यक्रम में उसकी कोई भूमिका नहीं थी और वह मंच पर बांग्लादेश सरकार के बारे में कही गई किसी भी बात का समर्थन नहीं करता।

भारत ने इस महीने की शुरुआत में बिम्सटेक के अध्यक्ष के रूप में रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जबकि अलग द्विपक्षीय यात्रा का निमंत्रण फरवरी से लंबित था।

रहमान ने ब्रिक्स संपर्क शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण ठुकरा दिया था। कबीर ने कहा था कि रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए उचित तरीके से आमंत्रित नहीं किया गया था।

उन्होंने कहा था कि रहमान को निमंत्रण प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि भारत, श्रीलंका, थाईलैंड, बांग्लादेश, म्यांमा, नेपाल और भूटान वाले बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल (बिम्सटेक) के अध्यक्ष के रूप में दिया गया था।

तनाव के बावजूद रहमान ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी थी।

भाषा अमित नरेश

नरेश