ओडिशा में कोविड-19 के 270 नए मामले, तीन मरीजों की मौत

Ads

ओडिशा में कोविड-19 के 270 नए मामले, तीन मरीजों की मौत

  •  
  • Publish Date - December 3, 2021 / 04:43 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:55 PM IST

भुवनेश्वर, तीन दिसंबर (भाषा) ओडिशा में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 270 नए मामले सामने आये, जिसके बाद प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10.50 लाख पर पहुंच गयी। नए संक्रमितों में 57 बच्चे एवं किशोर भी शामिल हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।

स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश में संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो गयी, जिसके बाद कोविड-19 महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 8,418 हो गयी है।

खुर्दा, कटक और सुंदरगढ़ जिले में कोविड-19 के एक-एक मरीज की मौत हुई।

स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक प्रदेश में अभी 2,425 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि अब तक 10.39 लाख लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान 276 मरीज ठीक हुये हैं। ओडिशा के 30 में से 11 जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया।

खुर्दा जिले में सर्वाधिक 124 नए रोगी मिले, राजधानी भुवनेश्वर भी इसी जिले का हिस्सा है। इसके बाद ढेंकानाल में 20 जबकि कटक जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए।

राज्य में 57,384 नमूनों की कोविड-19 जांच बीते 24 घंटे में हुई। संक्रमण की दर 0.48 प्रतिशत बनी हुई है। ओडिशा में अब तक 1.60 करोड़ से अधिक लोग कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक ले चुके हैं।

भाषा रवि कांत पवनेश

पवनेश