कटिहार, 23 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक होने की कथित घटना के विरोध में बिहार के कटिहार जिले में बृहस्पतिवार को छात्रों ने समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हर व्यक्ति को संविधान के दायरे में और कानूनी तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘मैं सभी लोगों विशेषकर छात्रों से अपील करता हूं कि वे उचित माध्यमों से अपनी बात रखें। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने से भविष्य में उन्हें परेशानी होगी और हम ऐसा नहीं चाहते।’’
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन में असामाजिक तत्व भी शामिल थे, जिन्होंने मीडियाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
कटिहार में यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब एक दिन पहले राज्य की राजधानी पटना में प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी।
पटना में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले भी छोड़े थे।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष