Deepak Baij On Jantar Mantar Protest
रायपुर : Deepak Baij On Jantar Mantar Protest छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू और प्रभारी सचिव एस. संपत की मौजूदगी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में छात्रों की नाराजगी, दिल्ली में हुए प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई और रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर हुए हमले को लेकर सरकार पर तीखे हमले बोले।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने कहा कि नीट पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर जैसी बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई, वैसी उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आज तक नहीं देखी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों पर कील लगी लाठी और करंट वाले डंडों से हमला किया गया, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे पर भी बर्बरतापूर्ण कार्रवाई करते हुए उन्हें घसीटकर गिरफ्तार किया गया।
रायपुर के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि बीते दिन भाजपा मंत्रिमंडल के सदस्य कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे, जो घेराव नहीं बल्कि हमला था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने चप्पल, जूते, पानी के पाउच, बोतल, नारियल और पुलिस की लाठी छीनकर कांग्रेसियों पर फेंका, लेकिन पुलिस ने अपने भवन की रक्षा के लिए बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही एफआईआर (FIR) दर्ज कर दी।
दीपक बैज ने आगे आरोप लगाया कि शासन और प्रशासन ने मिलकर कल का पूरा षड्यंत्र रचा था। उन्होंने कहा कि गलत तरीके से बदले की भावना से दबाव डालकर हमारे कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि इस मामले में दोषी मंत्रियों, भाजपा अध्यक्ष और उपद्रवी कार्यकर्ताओं पर भी तुरंत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस की इस एकतरफा और षड्यंत्रकारी कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस आने वाले दिनों में बड़ा प्रदर्शन करेगी।
दीपक बैज ने सरकार से सीधा सवाल किया कि आखिर यह एकतरफा कार्रवाई क्यों की जा रही है?Jantar Mantar Protest News उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूरी तरह से गलत और द्वेषपूर्ण कार्रवाई कर रही है, जहाँ हमला करने वालों के बजाय अपने कार्यालय का बचाव कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही निशाना बनाया जा रहा है।