नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक परिवहन संपर्क सुविधा को मजबूत करने और टिकाऊ आवागमन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की ‘पीएम इलेक्ट्रिक ड्राइव रेवोल्यूशन इन इनोवेटिव व्हीकल एन्हांसमेंट’ (पीएम ई-ड्राइव) योजना के तहत 2,800 वातानुकूलित ‘लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बस’ शामिल करने की योजना बनाई है। परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने रविवार को यह घोषणा की।
एक बयान के अनुसार, प्रस्तावित बेड़े में 1,400 नौ मीटर और 1,400 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बस शामिल होंगी। इसका उद्देश्य शहर भर में संपर्क सुविधा को बेहतर बनाना है।
यह योजना दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क का विस्तार करने और शहर के बस बेड़े में शून्य-उत्सर्जन वाले वाहनों की हिस्सेदारी बढ़ाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
सिंह ने कहा, ‘‘2,800 नयी इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने की योजना से संपर्क व्यवस्था काफी मजबूत होगी, यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ेगी और टिकाऊ आवागमन की दिशा में हमारी प्रगति तेज होगी।’’
सरकार का लक्ष्य 2028-29 तक दिल्ली के कुल बस बेड़े को बढ़ाकर करीब 14,000 बसों तक पहुंचाना है, ताकि राष्ट्रीय राजधानी में यात्रियों के लिए संपर्क सुविधा को बेहतर बनाया जा सके।
दिल्ली में फिलहाल करीब 4,300 इलेक्ट्रिक बस चल रही हैं।
भाषा
सिम्मी दिलीप
दिलीप