पलामू में गैंगवार के संदिग्ध मामले में 30 वर्षीय व्यक्ति की हत्या

Ads

पलामू में गैंगवार के संदिग्ध मामले में 30 वर्षीय व्यक्ति की हत्या

  •  
  • Publish Date - October 19, 2025 / 04:27 PM IST,
    Updated On - October 19, 2025 / 04:27 PM IST

मेदिनीनगर, 19 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में रविवार को गिरोहों के बीच आपसी रंजिश के एक संदिग्ध मामले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू और गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हत्या के एक मामले में आरोपी हसन अली को शाहपुर इलाके से मोटरसाइकिल सवार पांच लोगों ने कथित तौर पर अगवा कर लिया और लगभग तीन किलोमीटर दूर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।

चैनपुर थाने के प्रभारी श्रीराम शर्मा ने कहा, ‘‘यह घटना सुबह करीब सात बजे हुई। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि कुछ मुद्दों को लेकर उनके बीच विवाद के कारण हत्या की गई। मामले की जांच जारी है।’’

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कुछ लोग अली को मोटसाइकिल पर जबरन ले जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

मेदिनीनगर के एसडीपीओ (अनुमंडल स्तरीय पुलिस पदाधिकारी) मणि भूषण प्रसाद ने बताया कि अली का आपराधिक इतिहास रहा है।

प्रसाद ने कहा, ‘‘वह हत्या के एक मामले में आरोपी था और 2020 में जेल गया था। उसकी जेब से प्रतिबंधित कफ सिरप की एक बोतल मिली।’’

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेजा गया है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन