सोने पर शुल्क बढ़ने के बाद तस्करी बढ़ी, दिल्ली हवाई अड्डे पर 3.5 किलो सोना जब्त
सोने पर शुल्क बढ़ने के बाद तस्करी बढ़ी, दिल्ली हवाई अड्डे पर 3.5 किलो सोना जब्त
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने भारतीय मूल के एक अमेरिकी नागरिक से तस्करी कर लाए गए सोने के 115 बिस्कुट जब्त किए हैं, जिसका कुल वजन साढ़े तीन किलोग्राम है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर सोने को विशेष रूप से डिजाइन की गई बेल्ट में छिपा रखा था।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, वरिष्ठ सीमा शुल्क अधिकारी तस्करी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि यह जब्ती पिछले सप्ताह सोने की तस्करी के प्रयासों में आई वृद्धि से ‘सीधे तौर पर जुड़ी’ है। उनका कहना है कि सोने पर सीमा शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने से अवैध कारोबार के तौर-तरीकों में बदलाव आया है।
बयान के अनुसार, प्रति किलोग्राम मुनाफा काफी बढ़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय गिरोहों ने तस्करी के बेहद जटिल तरीके अपनाए हैं।
बयान में कहा गया कि इस संबंध में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के अधिकारियों ने यात्री को अंतरराष्ट्रीय आगमन टर्मिनल पर रोका। आरोपी 15 मई को सैन फ्रांसिस्को से यहां पहुंचा था और कथित तौर पर चुपके से ‘ग्रीन चैनल’ पार करने का प्रयास कर रहा था।
तलाशी के दौरान यात्री की पैंट की अंदरूनी जेबों और विशेष रूप से तैयार बेल्ट में छिपाकर रखी गई सोने के 115 बिस्कुट बरामद की गईं।
जब्त किया गया सोना 24 कैरेट था और उसका कुल वजन 3,565 ग्राम था। यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


