मणिपुर के उखरूल में पासपोर्ट, एटीएम कार्ड ले जा रहे 35 डाक बैग जलाए गए
मणिपुर के उखरूल में पासपोर्ट, एटीएम कार्ड ले जा रहे 35 डाक बैग जलाए गए
इंफाल, 28 जुलाई (भाषा) मणिपुर के उखरूल जिले में डाक विभाग द्वारा भेजे जा रहे 35 डाक बैग को कथित तौर पर कुछ लोगों ने आग के हवाले कर दिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि डाक बैग में पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और पत्र थे।
उखरूल उप डाकघर के पोस्टमास्टर वुंगरेइपाम रिमाई ने बताया कि सोमवार को याइंगांगपोकपी और लितान रोड के बीच कुछ लोगों ने इन डाक बैगों में आग लगा दी।
उन्होंने कहा, ‘उखरूल के लिए भेजे गए 30 डाक बैग, सोमदल के लिए चार और कामजोंग के लिए एक डाक बैग पूरी तरह नष्ट हो गया। डाक विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है और सेवाओं को बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।’
एक भीड़ ने सोमवार को उखरूल में राष्ट्रीय राजमार्ग-202 पर नाकेबंदी कर दी थी। इस दौरान शांगकाई कुकी गांव के पास ट्रकों के एक काफिले को रोककर इंफाल से जिला मुख्यालय ले जाई जा रही कई वस्तुओं को भी नष्ट कर दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-202 नगालैंड के मोकोकचुंग को मणिपुर की राजधानी इंफाल से जोड़ता है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


