दिल्ली के जगतपुरी में 50-वर्षीय महिला की हत्या
दिल्ली के जगतपुरी में 50-वर्षीय महिला की हत्या
नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) दिल्ली के जगतपुरी में 50-वर्षीय एक महिला की उसके घर में हत्या कर दी गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे जगतपुरी थाने को हत्या की सूचना दी गई।
उनके मुताबिक, इसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और कोमल नामक महिला को घर के फर्श पर मृत अवस्था में पाया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने और फॉरेंसिक साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए संबंधित टीम को बुलाया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया।
मृतका के बेटे गौरव के बयान के आधार पर, पुलिस ने जगतपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने हत्या की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाने और आरोपी की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कहा कि पीड़िता की व्यक्तिगत और पारिवारिक पृष्ठभूमि समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटनाओं के क्रम को स्थापित करने के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


