नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रोहिणी जिले में चार दिन के ‘ऑपरेशन छापामारी चक्रव्यूह’ के तहत पांच हजार से ज्यादा गाड़ियों की जांच की और 109 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले (हिस्ट्रीशीटर) 24 अपराधी शामिल हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जयसवाल ने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान चोरी की 161 गाड़ियां बरामद की गईं, जिनमें 116 बाइक और 45 स्कूटर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में सात अवैध पिस्तौल की भी बरामदगी हुई, जिनमें ब्राजील निर्मित ‘टॉरस’ पिस्तौल, छह देसी तमंचे और 15 कारतूस शामिल हैं। इसी के साथ नौ चाकू भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने 18 से 21 अगस्त के बीच चले अभियान के दौरान सात भोगड़े अपराधियों और सात कथित साइबर जालसाजों को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बेगमपुर इलाके में एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, जिसमें छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी के मुताबिक, इसके अलावा पुलिस ने दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 686 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस ने बताया कि मामले में अबतक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे कुल 1.764 किलोग्राम हेरोइन एवं 1.55 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं तथा कथित तौर पर तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की गई है।
इस अभियान के दौरान 13 कथित शराब तस्करों की गिरफ्तारी हुई और अवैध शराब एवं एक कार जब्त की गई, जबकि जुए से जुड़े 11 मामलों में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यह अभियान दिल्ली के रोहिणी में 16 टीमों ने चलाया, जिनमें 277 कर्मी शामिल थे।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश