नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) अंतरराष्ट्रीय यात्री भारतीय हवाई अड्डों पर एक सितंबर से आव्रजन जांच के दौरान अपने स्मार्टफोन पर ई-बोर्डिंग पास दिखा सकेंगे। इसके साथ ही इन दस्तावेजों पर भौतिक रूप से मुहर लगाने की प्रक्रिया खत्म कर दी जाएगी। आव्रजन ब्यूरो (बीओआई) ने सोमवार यह घोषणा की।
गृह मंत्रालय के तहत आने वाली एजेंसी बीओआई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दी सूचना में कहा कि इस कदम से ‘कम कागज, कम चरण और सुगम यात्रा’ सुनिश्चित होगी।
पीटीआई-भाषा ने 22 अगस्त को सबसे पहले खबर दी थी कि बीओआई देश के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर यात्रियों के बोर्डिंग पास पर भौतिक मुहर लगाने की व्यवस्था खत्म करने जा रहा है।
बीओआई ने कहा कि एक सितंबर से अंतरराष्ट्रीय यात्री ई-बोर्डिंग पास का इस्तेमाल कर यात्रा कर सकेंगे।
एजेंसी ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय यात्री आव्रजन जांच के दौरान अपने स्मार्टफोन पर दिखाए गए ई-बोर्डिंग पास का इस्तेमाल कर सकते हैं।’’
उसने कहा कि ‘त्वरित आव्रजन जांच-विश्वसनीय यात्री कार्यक्रम’ (एफटीआई-टीटीपी) में पंजीकृत यात्री ई-गेट पर भी इनका इस्तेमाल कर सकेंगे।
बीओआई ने कहा कि अब आव्रजन जांच के दौरान बोर्डिंग पास पर मुहर नहीं लगाई जाएगी।
हालांकि, एजेंसी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के कागजी बोर्डिंग पास भी स्वीकार किए जाते रहेंगे।
हवाई अड्डे की सुरक्षा से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नई ई-बोर्डिंग पास व्यवस्था से उड़ान में सवार होने से पहले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के लिए बोर्डिंग पास पर मुहर लगाने की जरूरत भी खत्म हो जाएगी।
भाषा रमण अजय
अजय