ओडिशा के मलकानगिरि में 55 कछुओं को बचाया गया, चार लोग हिरासत में

Ads

ओडिशा के मलकानगिरि में 55 कछुओं को बचाया गया, चार लोग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 07:27 PM IST

मलकानगिरि (ओडिशा), 17 सितंबर (भाषा) ओडिशा के मलकानगिरि जिले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 55 जीवित भारतीय फ्लैप-शेल कछुओं को बचाया और इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वन्यजीवों के अवैध परिवहन की सूचना मिलने पर मोटू में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को एमपीवी-53 गांव के पास नहर रोड पर छापा मारा।

पुलिस ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई, जिनमें 55 जीवित भारतीय फ्लैप-शेल कछुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे थे।

सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) प्रियंका महुका ने एक बयान में कहा कि कछुओं को बचा लिया गया और कथित तौर पर अपराध में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों के अवैध कब्जे और परिवहन के आरोप में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मोटू वन रेंज में मामला दर्ज किया गया है।

मलकानगिरि में दो सितंबर को भी वन अधिकारियों ने 155 जीवित फ्लैप-शेल कछुए को बचाया था। इन्हें भी कथित तौर पर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।

भाषा

राखी नरेश

नरेश