नीट-यूजी के लिए राजस्थान में 611 केंद्र बनाए गए, विशेष ट्रेन चलेंगी
नीट-यूजी के लिए राजस्थान में 611 केंद्र बनाए गए, विशेष ट्रेन चलेंगी
जयपुर, दो मई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- स्नातक (नीट-यूजी) के लिए राजस्थान में 611 केंद्र बनाए गए हैं और प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी, साइबर कैफे और अन्य संबंधित दुकानें बंद रहेंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने भी परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
अधिकारियों ने बताया कि नीट-यूजी 2026 का आयोजन तीन मई को राज्य के 27 जिलों के 611 केंद्रों पर किया जाएगा। राज्य के ‘कोचिंग हब’ कहे जाने वाले कोटा और सीकर के साथ-साथ राज्य की राजधानी जयपुर तथा अन्य संवेदनशील शहरों में अतिरिक्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दिन केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में ई-मित्र, फोटोकॉपी और साइबर कैफे जैसी दुकानें बंद रहेंगी।
संबंधित शहरों के प्रशासन से परीक्षा केंद्रों पर छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके अलावा, नजदीकी अस्पतालों को ओआरएस के पैकेट और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा वाले दिन सभी संबद्ध जिलों के अधिकारियों को परिवहन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में परीक्षा वाले दिन सभी अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था भी रहेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने नीट-यूजी परीक्षा को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जयपुर-अलवर और चूरू-जयपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है।
एक प्रवक्ता के अनुसार, गाड़ी संख्या 09717 चूरू-जयपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन रविवार को चूरू से सुबह 6.10 बजे रवाना होगी और सुबह 11 बजे जयपुर जंक्शन पहुंचेगी।
यह ट्रेन मार्ग में बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़ सीकर, सीकर जंक्शन, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। इसमें 10 साधारण श्रेणी के डिब्बे होंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन रविवार को जयपुर जंक्शन से शाम 7.10 बजे रवाना होगी और रात 10.55 बजे अलवर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
यह ट्रेन मार्ग में गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशन पर रुकेगी।
भाषा पृथ्वी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


