जम्मू, उधमपुर में मादक पदार्थों के 7 तस्कर गिरफ्तार; दो पिस्तौल व हेरोइन जब्त

Ads

जम्मू, उधमपुर में मादक पदार्थों के 7 तस्कर गिरफ्तार; दो पिस्तौल व हेरोइन जब्त

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 08:10 PM IST

जम्मू, 21 फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के जम्मू और उधमपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थ के सात कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आर.एस. पुरा के निवासी बलविंदर कुमार और सनी कुमार को जम्मू शहर के गांधी नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया और उनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और 21 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि सांबा निवासी मोहम्मद इकबाल और अमित कुमार उर्फ ​​जोगी को भी गांधी नगर से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक पिस्तौल और 146 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।

अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां मादक पदार्थ के एक तस्कर के खुलासे के आधार पर की गईं, जिसे गांधी नगर पुलिस ने इसी महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया था।

प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस के एक दल ने जम्मू में कैनाल रोड के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे एक व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी ली, जिसके परिणामस्वरूप कुछ मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अनंतनाग निवासी यावर फैयाज के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि उधमपुर जिले में मादक पदार्थों के दो कुख्यात तस्करों मोहित शर्मा और इमरान खान को रौन डोमेल और पथ्याल मोड़ से गिरफ्तार किया गया और उनके पास से क्रमशः 5.45 ग्राम और 6.20 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी मादक पदार्थ तस्करों पर स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत