गाड़ियों की तेज रफ्तार की वजह से 2025 में हुए 82,124 सड़क हादसे: गडकरी

Ads

गाड़ियों की तेज रफ्तार की वजह से 2025 में हुए 82,124 सड़क हादसे: गडकरी

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 06:00 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 06:00 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि 2025 में भारत में वाहनों की तेज रफ्तार के कारण 82,124 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जो कुल सड़क दुर्घटनाओं का लगभग 16 प्रतिशत थीं।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में गडकरी ने कहा कि गलत दिशा में गाड़ी चलाने और लेन के नियमों का पालन न करने के कारण 4,089 दुर्घटनाएं हुईं, इसके बाद लाल बत्ती पर निकलने की वजह से 276 और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल की वजह से 136 दुर्घटनाएं हुईं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2025 में भारत में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 5.3 प्रतिशत बढ़कर 5.13 लाख से ज्यादा हो गई, जिसमें हर घंटे 21 लोगों की जान गई।

देश में औसतन हर घंटे 59 सड़क दुर्घटनाएं हुईं।

गडकरी ने कहा, ‘‘कैलेंडर वर्ष 2025 के दौरान देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभागों द्वारा कुल 5,13,563 सड़क दुर्घटनाओं की सूचना दी गई, जिनमें 1,83,382 लोगों की जान गई।’’

मंत्री ने यह भी कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभागों ने कैलेंडर वर्ष 2026 के पहले छह महीनों के दौरान देश भर में कुल 2,85,770 सड़क दुर्घटनाओं की सूचना दी।

उनके जवाब के अनुसार राज्यों में, तमिलनाडु में सबसे अधिक 71,387 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जबकि 2025 में उत्तर प्रदेश में दुर्घटनाओं में सबसे अधिक 27,550 मौतें हुईं।

एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में गडकरी ने कहा कि इंटरनल कंबशन इंजन (आईसीई) वाले वाहनों की तुलना में कम परिचालन लागत और ‘जीरो टेलपाइप’ उत्सर्जन के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की संख्या बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ ‘वाहन’ पोर्टल के आंकड़ों से पता चलता है कि भारत में ईवी की हिस्सेदारी वित्तीय वर्ष 2019-20 में 0.71 प्रतिशत से बढ़कर 2025-26 में 8.26 प्रतिशत हो गई है।’’

गडकरी ने कहा कि ‘वाहन’ के आंकड़ों के अनुसार, सभी श्रेणियों के वाहनों के लिए ईवी की कुल संख्या (26-07-2026 तक) 1,00,23,396 है।

भाषा वैभव हक

हक