व्यापार और कर विभाग में नए 87 अधिकारियों को लॉटरी प्रणाली से तैनाती दी गई: रेखा गुप्ता
व्यापार और कर विभाग में नए 87 अधिकारियों को लॉटरी प्रणाली से तैनाती दी गई: रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि व्यापार एवं कर विभाग में 87 वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों की तैनाती लॉटरी प्रणाली से की गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, सेवा विभाग ने 23 अप्रैल को एक आदेश के तहत विभिन्न अधिकारियों को स्थानांतरित किया था और इसके बाद लॉटरी प्रणाली से कुल 87 जीएसटी अधिकारी एवं निरीक्षकों को तैनाती दी गई है।
गुप्ता ने कहा, “दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और यह पहल उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। सरकार का लक्ष्य है कि हर नियुक्ति, तैनाती और प्रशासनिक निर्णय पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नियम-आधारित हो ताकि ईमानदार अधिकारियों को प्रोत्साहन मिले और व्यवस्था में जनता का विश्वास और मजबूत हो।”
बयान के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई, जिसमें सभी नए अधिकारी/कर्मचारी और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जैसे आयुक्त, विशेष आयुक्त व संयुक्त आयुक्त उपस्थित थे। यह सुनिश्चित किया गया कि पूरी प्रक्रिया सभी के सामने खुले और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, जिससे किसी भी प्रकार की शंका या पक्षपात की संभावना न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लॉटरी प्रणाली के तहत प्रत्येक अधिकारी ने स्वयं पर्ची निकाली और इसके लिए दो अलग-अलग बॉक्स रखे गए थे, एक बॉक्स में अधिकारियों/कर्मचारियों के नाम और दूसरे बॉक्स में रिक्त वार्ड का नंबर था।
उन्होंने बताया कि दोनों बॉक्स से पर्ची निकालने के बाद ही संबंधित अधिकारी का वार्ड तय हुआ।
गुप्ता ने कहा कि पूरी कार्यवाही की शुरुआत से अंत तक वीडियोग्राफी कराई गई ताकि हर चरण का आधिकारिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके और भविष्य में किसी भी स्तर पर सत्यापन संभव हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार आने वाले समय में अन्य विभागों में भी ऐसी पारदर्शी और तकनीक-आधारित प्रक्रियाओं को लागू करने पर विचार कर रही है ताकि सुशासन को और मजबूत किया जा सके।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


