महाराष्ट्र में भूस्खलन की घटनाओं के बाद 89 शव बरामद, 34 लोग लापता: एनडीआरएफ

Ads

महाराष्ट्र में भूस्खलन की घटनाओं के बाद 89 शव बरामद, 34 लोग लापता: एनडीआरएफ

  •  
  • Publish Date - July 25, 2021 / 06:38 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:32 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हुईं भूस्खलन की घटनाओं के बाद 89 शव बरामद किए गए हैं और 34 लोग लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने रविवार को यह जानकारी दी।

एनडीआरएफ के महानिदेशक एस एन प्रधान ने राज्य के रायगढ़, रत्नागिरी और सतारा जिलों में चलाए जा रहे अपने अभियान पर ताजा आंकड़ों की जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी।

आंकड़ों के अनुसार, एनडीआरएफ ने इन इलाकों से कुल 89 शव बरामद किए हैं जिनमें से सबसे अधिक 47 शव रायगढ़ की महाड तहसील के सबसे अधिक प्रभावित तालिये गांव से बरामद किए गए हैं। अपराह्न तीन बजकर 15 मिनट पर अद्यतन किये गए आंकड़ों के अनुसार, इन तीन जिलों में 34 लोग लापता हैं।

एनडीआरएफ ने महाराष्ट्र के प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 34 दलों को तैनात किया है। आंकड़ों के अनुसार, एनडीआरएफ दल रायगढ़ के तालिये, रत्नागिरी के पोरसे और पेढ़े तथा सतारा के मीरगांव, अंबेघर और ढोकवाले में भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही है।

महाराष्ट्र में बाढ़, भूस्खलन तथा बारिश से सम्बंधित अन्य घटनाओं में मरने वालों की संख्या रविवार को 113 पर पहुंच गई। राज्य सरकार ने बताया कि पिछले एक दिन में एक और व्यक्ति की मौत हो गई और 100 लोग लापता हैं। इन घटनाओं में अब तक 50 लोग घायल हो चुके हैं।

भाषा यश नरेश

नरेश