पणजी, सात सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि भारत ने वैश्विक भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बावजूद अन्य देशों के साथ जुड़ाव बढ़ाकर और प्रमुख क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी कायम कर अपनी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार को कायम रखा।
शाह ने गोवा पुलिस को राष्ट्रपति का ध्वज प्रदान करने के लिए यहां आयोजित एक समारोह में कहा कि वैश्विक कूटनीतिक क्षेत्र में भारत की पहुंच लगातार बढ़ रही है और 2026 तक देश ने नौ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरे देशों के साथ बढ़े आर्थिक जुड़ाव का भी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने में अहम योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रूस-यूक्रेन युद्ध और अब अमेरिका, ईरान एवं खाड़ी देशों के बीच संघर्ष के कारण वैश्विक कूटनीतिक परिदृश्य में अस्थिरता बनी हुई है।
शाह ने कहा कि पिछले एक साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 देशों की यात्रा की, जबकि करीब 15 देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भारत का दौरा किया।
उन्होंने कहा, “जब पूरी दुनिया इस भू-राजनीतिक उथल-पुथल के कारण अपनी आर्थिक वृद्धि को लेकर अनिश्चितता से जूझ रही थी, तब हमने दूसरे देशों के साथ जुड़ाव बढ़ाया, रणनीतिक साझेदारियां कीं और अपनी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार कायम रखी।”
उन्होंने कहा कि भारत ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, निवेश और व्यापार जैसे क्षेत्रों में ठोस समझौते किए हैं।
शाह ने कहा कि भारत ने 2026 तक नौ एफटीए किए हैं, जबकि 38 देशों के साथ प्रभावी व्यापार व्यवस्था के लिए एफटीए प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापार बढ़ाने के उद्देश्य से भारत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ एफटीए पर आगे बढ़ा।
शाह ने कहा, “यह भी एक कारण है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में हमारी जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।”
इस समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद रहे।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय