छत्रपति संभाजीनगर, पांच मई (भाषा) महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के तीन जिलों के 92 गांव अब पानी की आपूर्ति के लिए टैंकरों पर निर्भर हैं। एक रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई है।
विभागीय आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार तक छत्रपति संभाजीनगर, जालना, लातूर और हिंगोली जिलों के 92 गांवों और 36 बस्तियों में 156 टैंकरों के ज़रिए पानी की आपूर्ति की जा रही है।
छत्रपति संभाजीनगर ज़िले में सबसे ज़्यादा 71 गांव और 14 बस्तियां हैं, जहां टैंकरों के ज़रिए पानी पहुंचाया जा रहा है। विडंबना यह है कि इसी ज़िले में जायकवाड़ी बांध स्थित है, जो पैठन में गोदावरी नदी पर बने देश के सबसे बड़े तटबंध में से एक है।
रिपोर्ट के अनुसार, 38 टैंकर पड़ोसी जालना जिले के 19 गांवों और 20 बस्तियों को पानी उपलब्ध करा रहे हैं जबकि लातूर के दो गांवों और हिंगोली जिले की एक बस्ती को टैंकरों के माध्यम से पानी मिल रहा है।
प्रशासन ने पानी की आपूर्ति के लिए मराठवाड़ा के सात ज़िलों में कई निजी कुओं को भी अधिग्रहित किया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक छत्रपति संभाजीनगर (87), जालना (33), परभणी (4), हिंगोली (24), नांदेड़ (58), बीड (37) और लातूर (25) जिलों में कुल 268 कुओं का अधिग्रहण किया जा चुका है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश