कोच्चि और अलप्पुझा में 94 ग्राम एमडीएमए बरामद, दो गिरफ्तार

कोच्चि और अलप्पुझा में 94 ग्राम एमडीएमए बरामद, दो गिरफ्तार

कोच्चि और अलप्पुझा में 94 ग्राम एमडीएमए बरामद, दो गिरफ्तार
Modified Date: July 31, 2026 / 02:32 pm IST
Published Date: July 31, 2026 2:32 pm IST

कोच्चि, 31 जुलाई (भाषा) केरल के कोच्चि और अलप्पुझा में आबकारी अधिकारियों ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 94 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलप्पुझा निवासी मोहम्मद शफी और सरिता के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा एमडीएमए के भंडारण और बिक्री किए जाने की सूचना मिलने के बाद एर्णाकुलम आबकारी टीम ने बृहस्पतिवार को यह कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले कोच्चि के एक होटल के कमरे की तलाशी ली गई, जहां मोहम्मद शफी ठहरा हुआ था। तलाशी के दौरान वहां से करीब 69 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ और शफी को हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में आबकारी अधिकारियों को पता चला कि सरिता भी शफी के साथ होटल के कमरे में रह रही थी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और उसे एर्णाकुलम से गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर आबकारी टीम ने अलप्पुझा में सरिता के घर की भी तलाशी ली, जहां से करीब 25 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बेंगलुरु से करीब 120 ग्राम एमडीएमए लाकर कोच्चि में किराए के कमरों से इसकी बिक्री करते थे। टीम ने मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित होने वाली संभावित नकदी भी जब्त की है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अब बेंगलुरु स्थित मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ताओं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान पर केंद्रित है।

इसके साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपियों ने कोच्चि और अलप्पुझा में अन्य लोगों को भी एमडीएमए की आपूर्ति की थी।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में