नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनाक्रोश, बाजार बंद कर लोगों ने किया प्रदर्शन

नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनाक्रोश, बाजार बंद कर लोगों ने किया प्रदर्शन

नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जनाक्रोश, बाजार बंद कर लोगों ने किया प्रदर्शन
Modified Date: July 31, 2026 / 02:41 pm IST
Published Date: July 31, 2026 2:41 pm IST

नयी टिहरी, 31 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कई क्षेत्रों में बाजार भी बंद रहे।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने का विरोध कर रहे हैं और इसे अपने विधानसभा क्षेत्र नरेंद्रनगर में स्थापित कराना चाहते हैं।

नयी टिहरी के अलावा बौराड़ी, भागीरथीपुरम और कोटी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी इस मुद्दे को लेकर बाजार बंद रहे। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग विभिन्न स्थानों पर तख्तियां हाथ में लेकर एकत्र हुए और नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग के समर्थन में नारेबाजी की।

नयी टिहरी, टिहरी जिले का मुख्यालय है।

इस आंदोलन को टिहरी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक किशोर उपाध्याय का भी समर्थन मिल रहा है जो पिछले दो दशकों से नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग उठाते रहे हैं।

उपाध्याय ने कहा, ‘‘नयी टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए धन कोई समस्या नहीं है। हमें पहले ही टीएचडीसी लिमिटेड जैसी विद्युत उत्पादन कंपनियों से सहयोग का आश्वासन मिल चुका है। मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री (पुष्कर सिंह धामी) को भी अवगत करा दिया है।’

उन्होंने दावा किया कि नयी टिहरी के निकट इणिया क्षेत्र में 100 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) पहले ही तैयार किया जा चुका है।

विधायक ने कहा कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज में 400 बिस्तर वाला अस्पताल भी होगा।

उपाध्याय ने कहा कि वह शीघ्र ही सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी से भी नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत इस परियोजना के लिए वित्तीय सहयोग का अनुरोध करेंगे।

टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक राकेश भूषण गोदियाल ने कहा, ‘‘मेडिकल कॉलेज केवल नयी टिहरी में ही स्थापित किया जाना चाहिए, क्योंकि यह पूरे टिहरी जिले का केंद्रीय क्षेत्र है।’’

भाषा सं दीप्ति खारी

खारी


लेखक के बारे में