अहमदाबाद जिले में एक धार्मिक आयोजन के दौरान जलपान के बाद 96 ग्रामीण बीमार हुए
अहमदाबाद जिले में एक धार्मिक आयोजन के दौरान जलपान के बाद 96 ग्रामीण बीमार हुए
अहमदाबाद, नौ अप्रैल (भाषा) अहमदाबाद जिले के एक गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जलपान में स्थानीय खाद्य पदार्थ खाने के बाद खाद्य विषाक्तता के एक संदिग्ध मामले में लगभग 100 लोग बीमार पड़ गए। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जिला महामारी चिकित्साधिकारी डॉ. चिंतन देसाई ने बताया कि देट्रोज तालुका स्थित राजपुरा गांव के 96 निवासी बुधवार देर रात धार्मिक आयोजन में ‘सेव-खमणी’ (एक गुजराती नाश्ता) खाने के बाद बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें बृहस्पतिवार तड़के अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों में से 38 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
देसाई ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत स्थिर है।
सुबह उल्टी, पेट दर्द और दस्त के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव के लिए रवाना हुई।
देसाई ने बताया कि अस्पताल ले जाए गए 96 लोगों के अलावा, जलपान ग्रहण करने वाले 214 अन्य ग्रामीणों को भी एहतियाती उपचार दिया गया।
घटना के संबंध में पुलिस और खाद्य सुरक्षा प्राधिकारियों को सूचित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारणों का पता लगाने के मकसद से एक टीम ने खाद्य पदार्थ और पानी के नमूने लिए हैं।
भाषा यासिर वैभव
वैभव

Facebook


