यूपीएससी की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय युवक को पड़ा दिल का दौरा, बची जान

यूपीएससी की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय युवक को पड़ा दिल का दौरा, बची जान

यूपीएससी की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय युवक को पड़ा दिल का दौरा, बची जान
Modified Date: September 30, 2026 / 12:13 am IST
Published Date: September 30, 2026 12:13 am IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय एक युवक को दिल का दौरा पड़ने के बाद यहां दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में सफल ‘एंजियोप्लास्टी’ कर नया जीवन मिला।

चिकित्सकों के अनुसार, यह मामला कम उम्र में भी गंभीर हृदय रोग के जोखिम को रेखांकित करता है।

उन्होंने युवक में हृदय रोग के संभावित जोखिम कारकों में धूम्रपान, अस्वस्थ जीवनशैली, परिवार में हृदय रोग का इतिहास और एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और लिपोप्रोटीन का उच्च स्तर बताया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, युवक को रात में सीने में दर्द हुआ था, जिसे उसने और उसके दोस्तों ने शुरुआत में गैस और एसिडिटी से जुड़ी समस्या समझा।

बयान में बताया गया कि अगले दिन सुबह भी दर्द कम नहीं हुआ तो उसे गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां ईसीजी में दिल का दौरा पड़ने की पुष्टि हुई।

फोर्टिस में हृदय रोग विभाग के वरिष्ठ निदेशक डॉ. संजत चिवाने ने बताया कि एंजियोग्राम में मरीज की दो प्रमुख कोरोनरी धमनियों में बीमारी का पता चला, जिसके बाद एंजियोप्लास्टी की गई।

उन्होंने बताया कि 24 वर्षीय युवक सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान दोस्तों के साथ रह रहा था और उसके सोने व भोजन का कोई निश्चित समय नहीं था।

डॉ. चिवाने ने बताया कि युवक पिछले पांच-छह वर्षों से धूम्रपान कर रहा था और उसके मादर पदार्थों के सेवन का भी इतिहास रहा है।

उन्होंने कहा कि यह मामला इस बात पर जोर देता है कि युवाओं में दिल का दौरा पड़ने की घटनाएं भले ही कम होती हैं, लेकिन आनुवंशिक और जीवनशैली से जुड़े कई जोखिम कारकों की मौजूदगी में ऐसा हो सकता है।

भाषा राजकुमार जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में